कन्नौज : बिना परमिट स्कूली वाहनों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में सड़क दुर्घटनाओं एवं मृतकों की संख्या में कमी आई है, जिसे और प्रभावी बनाने हेतु सभी विभाग समन्वय के साथ सतर्कता से कार्य करें।

एडीएम ने लोक निर्माण विभाग एवं एनएचएआई को जनपद के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर सुधारात्मक कार्रवाई करते हुए साइन बोर्ड, जेब्रा क्रॉसिंग व रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए। परिवहन एवं शिक्षा विभाग को स्कूल–कॉलेजों में जागरूकता शिविर आयोजित करने, स्कूली वाहनों का शत-प्रतिशत फिटनेस, चालक का मेडिकल परीक्षण तथा चालक/परिचालक का चरित्र सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बिना परमिट स्कूली वाहनों के संचालन पर पूर्णतः रोक लगाने के आदेश दिए गए।

उन्होंने ओवरलोडिंग एवं अवैध खनन के विरुद्ध पुलिस, एआरटीओ व खनन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा सघन प्रवर्तन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। छात्रों को हेलमेट, सीट बेल्ट एवं ओवरस्पीडिंग के खतरों के प्रति जागरूक करने पर भी बल दिया गया।

बैठक में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सहित संबंधित सभी अधिकारी उपस्थित रहे।