आगामी कार्यक्रमों और विकास योजनाओं पर बनी रणनीति
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में क्षेत्र के प्रमुख जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन की मजबूती, सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार करना रहा।
संवाद के दौरान मंत्री ने कहा कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय ही विकास की गति को तेज करने का आधार है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, इसे सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है।
असीम अरुण ने जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में जनता के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने और उनकी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
‘अंत्योदय’ के संकल्प को दोहराते हुए मंत्री ने विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के लिए ग्राम स्तर पर विशेष संपर्क अभियान चलाने पर चर्चा हुई।
आगामी सांगठनिक कार्यक्रमों की सफलता के लिए कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने पर बल दिया गया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, ब्लॉक प्रमुख उमर्दा अजय वर्मा, गुगरापुर ब्लॉक प्रमुख संदीप चतुर्वेदी, ब्लॉक प्रमुख सदर रामू कठेरिया, जलालाबाद ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अवनीश दोहरे, जिला महामंत्री राम सेवक कठेरिया, जिला उपाध्यक्ष राम बाबू कठेरिया, विवेक पाठक, अवधेश राठौर, जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक पाण्डेय सहित ग्राम प्रधान और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

