बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। 07 मई से 21 मई 2026 तक संचालित होगा स्व-गणना अभियान जनगणना–2027 के अंतर्गत दिनांक 07 मई 2026 से 21 मई 2026 तक स्व-गणना अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के शुभारंभ के अवसर पर जनपद न्यायाधीश नरेंद्र कुमार झा, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री तथा पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने स्वयं स्व-गणना करते हुए अपनी स्व-गणना पहचान संख्या जनरेट की तथा जनपदवासियों को इस अभियान से जुड़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि यह प्रक्रिया पूर्णतः स्वैच्छिक, सरल एवं डिजिटल है, जिसके माध्यम से प्रत्येक नागरिक निर्धारित अवधि के भीतर स्वयं अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते है। उन्होंने कहा कि स्व-गणना अभियान नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे जनगणना प्रक्रिया अधिक सटीक, पारदर्शी एवं प्रभावी बनेगी।
जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त कार्यालयाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे समयबद्ध रूप से स्वयं स्व-गणना पूर्ण करें तथा अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों, व्यापारी संगठनों, पत्रकार बंधुओं एवं जनसामान्य से अपील की कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करें और जनगणना–2027 को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।
स्व-गणना हेतु नागरिक ऑनलाइन माध्यम से निर्धारित पोर्टल पर https://se.census.gov.in जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।

