सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी करने पर सपाईयों में उबाल : एफआईआर की मांग

फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री माननीय श्री अखिलेश यादव जी के विरुद्ध विगत 7 मई 2026 को मेरे सोशल मीडिया अकाउंट (फेसबुक पेज) मेरी पोस्ट पर दिल्ली निवासी किशन कुमार नामक युवक ने बहुत ही अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी की थी, जिसको लेकर जनपद फर्रुखाबाद सहित प्रदेश के अन्य जनपदों के पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश व्याप्त है। सोशल मीडिया पर ऐसी आपत्तिजनक एवं अमर्यादित टिप्पणी से समाज में आपसी सौहार्द खराब होता है, समाजवादी पार्टी एवं हमारे नेता माननीय अखिलेश यादव जी सदैव ही समाज में आपसी सद्भाव, स्वच्छ एवं प्रदूषण रहित राजनीति के पक्षधर रहे हैं, ऐसी ओछी और कुंठित मानसिकता के लोग समाज में लगातार गंदगी फैलाने का प्रयास करते रहते हैं। फर्रुखाबाद एवं प्रदेश के अन्य जनपदों के तमाम सम्मानित कार्यकर्ताओं की भावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए आज पार्टी कार्यकर्ताओं एवं नेताओं ने दिनांक 8 मई 2026 दिन शुक्रवार को जनपद फर्रुखाबाद के थाना मऊ दरवाजा में थाना अध्यक्ष महोदय को उपरोक्त किशन कुमार के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कराने हेतु तहरीर दी। तहरीर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव एंव पूर्व जिला महासचिव मंदीप यादव ने लिखित में थानाध्यक्ष मऊ दरवाजा को सौंपी है। हमारा मानना है कि किसी भी राजनैतिक दल के राजनेता के विरुद्ध ऐसी कुंठित एवं दूषित मानसिकता के साथ अमर्यादित टिप्पणी करना निन्दनीय एवं दंडनीय है।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी की वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, पूर्व महानगर अध्यक्ष एंव सदर विधानसभा के संभावित प्रत्याशी राजीव शाक्य, जिला उपाध्यक्ष शशांक सक्सेना, समाजवादी व्यापार सभा के जिला अध्यक्ष रोमित सक्सेना, समाजवादी अधिवक्ता सभा के जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव एडवोकेट, समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष राजपाल यादव एडवोकेट सहित तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे।