फर्रूखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। थाना राजेपुर क्षेत्र के ग्राम चाचूपुर में हुए चर्चित बृजेश राजपूत हत्याकांड और उसके बाद भड़की हिंसा को लेकर मंगलवार को समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने मृतक के पिता बालकराम, मां सावित्री, बहनों कांति, प्रीति और नन्हीं से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान पीड़ित परिवार का दर्द छलक पड़ा और घर का माहौल बेहद गमगीन दिखाई दिया।
गांव पहुंचने से पहले चाचूपुर तिराहे पर पुलिस प्रशासन ने सपा नेताओं के काफिले को रोक दिया। सुरक्षा व्यवस्था और गांव के तनावपूर्ण माहौल का हवाला देते हुए अधिकांश गाड़ियों को आगे नहीं जाने दिया गया। बाद में पुलिस अधिकारियों से वार्ता के बाद दो वाहनों को गांव में प्रवेश की अनुमति दी गई। इस दौरान सपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी देखने को मिली। सपा प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव, पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, डॉ. नवल किशोर शाक्य, डॉ. जितेंद्र सिंह यादव, डॉ. जे०पी० सिंह वर्मा, विधानसभा अध्यक्ष अमृतपुर उदय प्रताप उर्फ भोला यादव, प्रदेश सचिव मनोज मिश्रा तथा इलियाश मसूरी सहित कई नेता शामिल रहे। पीड़ित परिवार ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि शव को लेकर विवाद के दौरान अचानक उपद्रवियों ने हमला बोल दिया। ईंट-पत्थर चलने लगे और पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। परिजनों का आरोप था कि अफरा-तफरी के बीच उन्हें अपने बेटे का चेहरा तक ठीक से नहीं देखने दिया गया। यह कहते हुए परिवार की महिलाएं फफक कर रो पड़ीं। इसी दौरान पीड़ित परिवार ने पूर्व विधानसभा प्रत्याशी की मौजूदगी में क्षेत्राधिकारी ऐश्वर्या उपाध्याय को एक प्रार्थना पत्र भी सौंपा। प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया कि उनके पुत्र बृजेश राजपूत को कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने लात-घूसों, चाकू एवं अन्य धारदार हथियारों से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने परिजनों को ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की रिपोर्ट समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भेजी जाएगी। नेताओं ने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और हर स्तर पर उनकी आवाज उठाई जाएगी। सपा नेताओं ने परिवार को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा भी दिया। साथ ही प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल के गांव पहुंचने के दौरान भारी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे और पूरे क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज दिखाई दी। गांव में अभी भी तनावपूर्ण शांति का माहौल बना हुआ है। जगह-जगह पुलिस बल तैनात है और अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। मौके पर क्षेत्राधिकारी ऐश्वर्या उपाध्याय, क्षेत्राधिकारी अजय वर्मा, थाना अध्यक्ष अमृतपुर इंद्रजीत सिंह, थाना अध्यक्ष जहानगंज, थाना अध्यक्ष कादरीगेट तथा थाना अध्यक्ष राजेपुर नागेंद्र सिंह सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

