सोना न खरीदने की पीएम की अपील पर बोले अखिलेश : भाजपा के लोग ही कर रहे हैं जमाखोरी

लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। सपा सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को चुनाव खत्म होते ही संकट याद आ गया। दरअसल देश के लिए संकट सिर्फ एक है और उसका नाम है भाजपा। इतनी सारी पाबंदियां लगानी पड़ेंगी तो पांच खरब डॉलर की जुमलाई अर्थव्यवस्था कैसे बनेगी। लगता है भाजपा सरकार के हाथ से लगाम पूरी तरह छूट गई है। डॉलर आसमान छू रहा है और देश का रुपया पाताल की ओर जा रहा है। अखिलेश यादव ने जारी बयान में कहा कि सोना न खरीदने की अपील जनता से नहीं, भाजपाइयों को अपने भ्रष्ट लोगों से करनी चाहिए, क्योंकि जनता तो वैसे भी 1.5 लाख तोले का सोना नहीं खरीद पा रही है। भाजपा के नेता ही अपनी काली कमाई को सोने में बदलने में लगे हैं। लखनऊ से लेकर गोरखपुर तक और अहमदाबाद से लेकर गुहाटी तक यही स्थिति है अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने चुनावी घपलों से राजनीति को प्रदूषित कर दिया है। नफरत फैलाकर समाज के सौहार्द को बर्बाद कर दिया है।