कन्नौज : लेखपाल भर्ती परीक्षा को लेकर डीएम ने की समीक्षा

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में आगामी लेखपाल भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराए जाने के संबंध में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से संबंधित समस्त व्यवस्थाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि लेखपाल भर्ती परीक्षा दिनांक 21 मई  को प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। जनपद में परीक्षा के आयोजन हेतु कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। लेखपाल परीक्षा में प्रतिभागियों की संख्या 4176 सुनिश्चित की गई है। 

सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं शुचिता के साथ सम्पन्न कराने के लिए समस्त प्रकार की तैयारियां पहले से सुनिश्चित कर ली जाएं। 

उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा एवं निगरानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु जनपद स्तर पर 13 स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं 13 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 5 सेक्टर पुलिस व 3 जोनल पुलिस अधिकारी की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की ड्यूटी रहेगी, जिससे परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था पूरी तरह बनाए रखी जा सके।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की प्रवेश से पूर्व सघन जांच अनिवार्य रूप से कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्र परिसर में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। यदि किसी अभ्यर्थी के पास प्रतिबंधित सामग्री पाई जाती है तो नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाएगी।

उन्होंने कहा कि परीक्षा की गोपनीयता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ करें। परीक्षा केंद्रों पर स्वच्छ पेयजल एवं छाया की अच्छी व्यवस्था होनी चाहिए। परीक्षा केंद्रों पर विद्युत की वैकल्पिक व्यवस्था अर्थात जनरेटर तथा बैठने की व्यवस्था एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

बैठक में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) देवेंद्र सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।