कन्नौज : 25 हज़ार के इनामी आतंक का पर्याय बने सागर उर्फ धर्मवीर का हॉफ इनकाउंटर

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। तीन साल पहले युवक का अपहरण कर हत्या करने के आरोपी का मंगलवार सुबह पुलिस ने हाफ एनकाउंटर कर दिया। फायरिंग के दौरान गोली उसके दाहिने पैर में लगी। पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया और फिर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवा दिया। आरोपी हिस्ट्रीशीटर है और उस पर 25 हजार का ईनाम भी घोषित था।

छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के पंथरा गांव निवासी राहुल का 12 अक्टूबर 2022 को अपहरण हो गया था। मामले को लेकर उनकी पत्नी संगीता देवी ने विजेंदर कुमार निवासी घिलोई, विवेक कुमार, आदेश निवासीगण खैराबाद-जिला फर्रुखाबाद, सागर उर्फ धर्मवीर निवासी मनिकापुर के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान 16 अक्टूबर 2022 को राहुल का शव पुलिस में बरामद किया था। जिसके बाद हत्या की धारा बधाई गई।

इस मामले में पुलिस ने विजेंद्र व विवेक को अरेस्ट कर पहले ही जेल भेज दिया था। जबकि सागर उर्फ धर्मवीर उर्फ धर्मा फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार का ईनाम भी घोषित था। मंगलवार सुबह मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र में धर्मवीर उर्फ धर्मा को देखा गया।

वह कहीं जाने की फिराक में है। ऐसे में छिबरामऊ कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे व एसओजी टीम ने फर्रुखाबाद रोड पर चेकिंग शुरू कर दी। यहां एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया तो उसने फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली उसके दाहिने पैर में जा लगी और वह घायल होकर गिर गया। पुलिस ने उसके कब्जे में 1 तमंचा, 3 कारतूस, 1 खोखा और 2 हजार रुपए बरामद किए।

हत्या-अपहरण समेत 10 केस दर्ज

छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के मनिकापुर गांव निवासी हिस्ट्रीशीटर व गैंगस्टर 31 वर्षीय सागर उर्फ धर्मवीर उर्फ धर्मा पर हत्या, लूट, अपहरण समेत करीब 10 केस दर्ज हैं। उसके खिलाफ 8 केस कन्नौज जिले में और 2 केस फर्रुखाबाद जिले में दर्ज है। वह क्षेत्र में आतंक का पर्याय बना हुआ था।