बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। मेरा युवा भारत, कन्नौज एवं जिला क्षय रोग विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 5 दिवसीय अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम “टीबी 100 डे एलिमिनेशन प्रोग्राम” का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, से किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को टीबी उन्मूलन अभियान से जोड़ते हुए उन्हें जनजागरूकता, सामुदायिक सहभागिता एवं स्वास्थ्य सेवा प्रणाली के व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है, जिससे युवा “ टीबी यूथ अम्बेसडर” के रूप में समाज में जागरूकता फैलाने का कार्य कर सकें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता द्वारा की गई। इस अवसर पर जिला युवा अधिकारी सागर महेश्वरी एवं टीबी कोऑर्डिनेटर पूनम दुबे विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग एवं मेरा युवा भारत के मध्य समन्वय स्थापित करते हुए युवाओं को सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनस्वास्थ्य अभियानों में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि क्षय रोग (टीबी) केवल स्वास्थ्य संबंधी चुनौती नहीं बल्कि सामाजिक जागरूकता से जुड़ा विषय भी है। उन्होंने कहा कि समय पर पहचान, सही उपचार एवं समाज की सहभागिता से टीबी को पूर्णतः समाप्त किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बताते हुए कहा कि युवा शक्ति के माध्यम से गांव-गांव एवं समुदाय स्तर तक जागरूकता पहुंचाना संभव है। उन्होंने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से टीबी के लक्षण, बचाव, उपचार एवं “टीबी हटेगा देश जीतेगा” अभियान की जानकारी साझा करते हुए युवाओं से समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने का आह्वान किया।
जिला युवा अधिकारी सागर महेश्वरी ने बताया कि मेरा युवा भारत द्वारा विभिन्न विभागों के समन्वय से युवाओं को अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रमों से जोड़ा जा रहा है, ताकि युवाओं में सेवा, नेतृत्व, संवेदनशीलता एवं सामाजिक सहभागिता की भावना विकसित हो सके। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को केवल प्रशिक्षण ही नहीं देगा, बल्कि उन्हें जनस्वास्थ्य अभियानों में जमीनी स्तर पर कार्य करने का अवसर भी प्रदान करेगा।
कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित स्वयंसेवकों को आगामी 5 दिनों तक जिला चिकित्सालय, डॉट्स सेंटर, मेडिकल कॉलेज एवं अन्य स्वास्थ्य इकाइयों में प्रशिक्षण एवं फील्ड एक्सपोजर प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को टीबी जांच प्रक्रिया, मरीज परामर्श, पोषण सहायता, जागरूकता अभियान एवं समुदाय आधारित गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही स्वयंसेवकों को घर-घर जागरूकता, संवाद एवं सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से टीबी उन्मूलन अभियान को जनआंदोलन बनाने हेतु प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने भी टीबी उन्मूलन हेतु सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। इस अवसर पर नीरजा, सलोनी, कंचन, शालिनी, प्रज्ञा राजपूत, आलोक, अर्चना, लक्ष्मी देवी, शालिनी मिश्रा, विकास, लोकेश कुमार, महिमा सहित अन्य युवा स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

