भइयन मिश्रा ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर उठाए गंभीर सवाल : नई बनी सड़क को फिर तोड़ने पर बवाल

फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। नगर पालिका परिषद क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। पल्ला से बजरिया मार्ग पर पलरिया चौराहे से नवाब दिलावर जंग तक हाल ही में बनी सड़क को दोबारा तोड़कर नया निर्माण शुरू किए जाने पर स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध जताया।
बुधवार को जब ठेकेदार द्वारा सड़क उखाड़ने का काम शुरू कराया गया, तो क्षेत्रवासियों ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवाने की कोशिश की। लोगों का कहना था कि सड़क पहले से ही ठीक हालत में थी और केवल कुछ स्थानों पर नालियों में सुधार की आवश्यकता थी। इसके बावजूद पूरी सड़क को तोड़कर दोबारा निर्माण कराया जाना उन्हें समझ से परे लग रहा है। विरोध बढ़ने पर क्षेत्रवासियों ने फर्रूखाबाद विकास मंच के जिलाध्यक्ष भईयन मिश्रा को मौके पर बुलाया। अपने समर्थकों के साथ पहुंचे मिश्रा ने मौके का निरीक्षण किया और नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका में विकास कार्यों के नाम पर अनावश्यक खर्च किया जा रहा है। उनका कहना था कि शहर में कई ऐसे इलाके हैं जहां सड़कों और गलियों की हालत बेहद खराब है, लेकिन वहां काम कराने के बजाय ठीक-ठाक सड़कों को दोबारा बनवाया जा रहा है। मिश्रा ने यह भी कहा कि पूर्व में किए गए कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठते रहे हैं। उन्होंने मांग की कि शहर में टिकाऊ निर्माण को प्राथमिकता दी जाए और जहां जरूरत हो, वहां सीमेंटेड सड़कें बनाई जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले की शिकायत उच्च स्तर तक की जाएगी और यदि जरूरत पड़ी तो प्रदेश के योगी आदित्यनाथ के समक्ष भी मुद्दा उठाया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि अच्छी स्थिति में मौजूद सड़क को दोबारा बनाने की आवश्यकता क्यों पड़ी। मौके पर कई स्थानीय नागरिक और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस कार्य को लेकर नाराजगी जाहिर की।