जिला पंचायत अध्यक्ष ने पांच सहायिकाओं को दिए नियुक्तिपत्र
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। आज छिबरामऊ तहसील सभागार में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य के कर-कमलों द्वारा छिबरामऊ परियोजना की नवचयनित 05 आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए तथा आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 100 स्मार्टफोन वितरित किए गए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि आंगनबाड़ी व्यवस्था सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी कड़ी है। तकनीक से सशक्त होकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं मातृ-शिशु पोषण, टीकाकरण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित सेवाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचा सकेंगी।
कार्यक्रम में सीडीपीओ छिबरामऊ रमाकांती, मुख्य सेविकाएं प्रतिभा, कु. स्नेहा, सोनाक्षी, शिवानी एवं नम्रता सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उपस्थित जनों ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे विभाग की कार्यकुशलता एवं पारदर्शिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
यह पहल न केवल नवचयनित सहायिकाओं के उत्साहवर्धन का माध्यम बनी, बल्कि आंगनबाड़ी सेवाओं के डिजिटलीकरण और सुदृढ़ क्रियान्वयन की दिशा में भी एक सार्थक प्रयास सिद्ध हुई।
