कन्नौज : अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस पर युवाओं ने जाना कन्नौज का गौरवशाली इतिहास

संग्रहालय भ्रमण एवं क्विज प्रतियोगिता का हुआ आयोजन

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  मेरा युवा भारत एवं राजकीय पुरातत्व संग्रहालय, कन्नौज के संयुक्त तत्वावधान में रविवार 18 मई को अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय दिवस के अवसर पर संग्रहालय भ्रमण एवं इतिहास आधारित क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को जनपद कन्नौज की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक विरासत से परिचित कराना था।

कार्यक्रम के अंतर्गत  युवा मण्डलों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को राजकीय पुरातत्व संग्रहालय का भ्रमण कराया गया। इस दौरान युवाओं ने संग्रहालय में संरक्षित प्राचीन मूर्तियों, ऐतिहासिक अवशेषों, पुरातात्विक धरोहरों एवं कन्नौज के गौरवशाली इतिहास से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को निकट से जाना एवं समझा।

संग्रहालय भ्रमण कार्यक्रम का संचालन जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी, संग्रहालय क्यूरेटर राम प्रकाश यादव एवं संग्रहालय प्रभारी पवन तिवारी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। अधिकारियों द्वारा युवाओं को कन्नौज के ऐतिहासिक महत्व, प्राचीन सभ्यता, इत्र नगरी के रूप में उसकी पहचान तथा सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण की आवश्यकता के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई।

कार्यक्रम के उपरांत “कन्नौज संग्रहालय एवं भारतीय इतिहास” विषय पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में शालिनी मिश्रा एवं अंजलि श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शीतल द्वितीय स्थान एवं मो. मुन्नवर तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाने की घोषणा की गई।

कार्यक्रम में नमन कुमार, रोशनी सैनी, अंश शुक्ला, शिवानी दुबे, ऋषभ कुशवाहा, वान्या गुप्ता, सचिन कुमार, विषम्भर दयाल एवं सुमित शर्मा सहित अनेक युवाओं की सक्रिय सहभागिता रही।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर जिला युवा अधिकारी सागर माहेश्वरी ने उपस्थित युवाओं से आह्वान किया कि वे ग्रामीण स्तर पर कन्नौज के इतिहास, संग्रहालय एवं सांस्कृतिक धरोहरों के प्रति जनजागरूकता फैलाने का कार्य करें, जिससे नई पीढ़ी अपने इतिहास एवं विरासत से जुड़ सके।

कार्यक्रम के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह एवं जागरूकता देखने को मिली।