कन्नौज : गोशालाओं में शीतल पेयजल और तीन की छत पर जूट बिछाने के निर्देश

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में गो आश्रय स्थल योजना के संबंध में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद की समस्त गौशालाओं में संरक्षित गोवंशों के संरक्षण, समुचित देखभाल एवं भीषण गर्मी से बचाव हेतु सुदृढ़, संवेदनशील एवं प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने वर्तमान तापमान, लू एवं उष्ण लहर की परिस्थितियों को गंभीरता से लेते हुए निर्देशित किया कि गौशालाओं में टीन शेड के ऊपर जूट टाट बिछाई जाए तथा नियमित रूप से पानी का छिड़काव कर तापमान नियंत्रित रखा जाए। गोवंशों के लिए ताजे, स्वच्छ एवं ठंडे पेयजल की निरंतर उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। गौशालाओं के परिसर में छायादार वृक्षों का रोपण किया जाए। हरे चारे की पर्याप्त उपलब्धता हेतु नेपियर घास एवं अन्य चारा फसलों की बुवाई पर विशेष फोकस किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी गौशालाओं में स्थापित सीसीटीवी कैमरे नियमित रूप से संचालित अवस्था में रहें, जिससे निगरानी व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे। पशु चिकित्सा अधिकारी नियमित निरीक्षण कर गोवंशों के स्वास्थ्य परीक्षण, उपचार आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करें। साथ ही गौशालाओं में साफ-सफाई, स्वच्छता, वेंटिलेशन एवं समुचित रख-रखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि इन निर्देशों के अनुपालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी तथा व्यवस्थाओं की समय-समय पर समीक्षा कर उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा।

बैठक में नवागत मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास, अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) देवेन्द्र सिंह, जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव द्विवेदी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सरदुल सिंह सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।