नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। दिल्ली में टैक्सी और ऑटो चालकों ने 21 मई से तीन दिवसीय हड़ताल की घोषणा की है। चालक किराए में बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं। चालकों का कहना है कि वे भुखमरी की कगार पर पहुंच चुके हैं।
चालक शक्ति यूनियन के उपाध्यक्ष अनुज कुमार राठौर ने बताया कि सिटी टैक्सी स्कीम लागू हुए 15 साल हो गए हैं। इस दौरान किराए में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। चालकों ने कई बार अपील की लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। हाईकोर्ट ने भी किराए में संशोधन का आदेश दिया था। सरकार ने फाइल उपराज्यपाल के पास भेजने की बात कही पर चार महीने बीत चुके हैं। इस स्थिति में चालकों के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है, जिसे दिल्ली की सभी ट्रांसपोर्ट यूनियनों का समर्थन मिला है। चालक 10 से 12 घंटे काम करके भी घर चलाने में मुश्किल महसूस कर रहे हैं। उनकी मुख्य मांग है कि सरकार किराया दरें तय करे ताकि वे अपनी आजीविका चला सकें। वे ओला, उबर और रैपिडो जैसी ऑनलाइन कंपनियों पर दबाव बनाने की भी मांग करते हैं, ताकि वे तय किराया ढांचे का पालन करें। चालकों ने 18, 21, 22 और 23 मई को प्रस्तावित देशव्यापी ‘चक्का जाम’ को भी समर्थन दिया है।
दिल्ली में टैक्सी-ऑटो हड़ताल : 21 मई से तीन दिन थमेगा पहिया, किराए में बढ़ोतरी की मांग

