फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो) गंगा नदी के किनारे तटबंध निर्माण की मांग को लेकर तटबंध बनाओ जन संघर्ष समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को राजेपुर ब्लॉक के ग्राम इमादपुर सोमवंशी में आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीण, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी ने एक स्वर में गंगा किनारे तटबंध बनवाने के लिए हर प्रकार से संघर्ष करने और आंदोलन को पूरी ताकत देने का संकल्प लिया।
बैठक में उपस्थित लोगों ने घोषणा की कि शासन-प्रशासन द्वारा लगातार अनदेखी किए जाने के विरोध में जल्द ही पूरे क्षेत्र के समस्त बाजार बंद कराए जाएंगे। वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से बाढ़ की त्रासदी झेल रहा गंगा पार क्षेत्र आज भी बुनियादी सुरक्षा से वंचित है, जबकि बार-बार मांग उठाने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए तटबंध जन संघर्ष समिति के अध्यक्ष भईयन मिश्रा ने कहा कि तटबंध इस पूरे क्षेत्र के लिए जीवन रेखा साबित होगा। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस क्षेत्र की लाखों की आबादी हर साल बाढ़ से तबाह हो जाती है, वहां के जनप्रतिनिधि आंख मूंदकर चैन की बंसी बजा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जब तक तटबंध निर्माण की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक संघर्ष जारी रहेगा और पूरे क्षेत्र के बाजार बंद कराकर शासन को जगाने का काम किया जाएगा। समाजसेवी एवं पूर्व प्रबंधक स्वर्ण सिंह ने कहा कि गंगा पार क्षेत्र के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा सौतेला व्यवहार किया गया है, जिसके कारण यह इलाका विकास में बहुत पीछे रह गया है। उन्होंने कहा कि इसी उपेक्षा के चलते कभी-कभी लोग जिले के पुनर्गठन की बातें करने को मजबूर हो जाते हैं, क्योंकि यहां की समस्याओं को सुनने वाला कोई नहीं है। राष्ट्रीय बजरंग दल के विभाग अध्यक्ष कोमल पांडे उर्फ अंगद ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में लोगों की समस्याओं को उन्होंने करीब से देखा है। पीड़ितों की सूनी आंखें बिना बोले ही उनकी पीड़ा बयान कर देती हैं। हर साल उजड़ना और फिर बसना लोगों की नियति बन चुकी है। इससे मुक्ति का एकमात्र रास्ता तटबंध निर्माण है। प्रसिद्ध रामकथा प्रवक्ता आचार्य अमरीश जी महाराज ने कहा कि तटबंध बनने से पूरे क्षेत्र में खुशहाली आएगी, किसानों की फसलें सुरक्षित होंगी और लोगों की परेशानियां कम होंगी। उन्होंने कहा कि यह जनहित की लड़ाई है, जिसे सभी को मिलकर जीतना होगा। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समाजसेवी लक्ष्मण सिंह ने दो टूक कहा कि केवल नेताओं के पीछे घूमने से कुछ हासिल नहीं होगा। तटबंध बनवाने के लिए जनता को सड़क पर उतरकर संघर्ष करना पड़ेगा। बिना आंदोलन के कोई अधिकार नहीं मिलता। हाईकोर्ट के अधिवक्ता राजीव प्रताप सिंह उर्फ टिल्लू ने कहा कि हर साल बाढ़ आना और पूरे क्षेत्र में तबाही मच जाना अब एक नियति बन गई है। इससे बचने के लिए तटबंध का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। क्षेत्र की जनता अब एकजुट हो रही है और यह एकजुटता जरूर रंग लाएगी।
रूक्मांगल सिंह यादव ने कहा कि पूरा क्षेत्र एक साथ खड़ा है और जब तक तटबंध नहीं बनेगा, तब तक चैन से नहीं बैठा जाएगा। कप्तान सिंह कुशवाहा ने कहा कि क्षेत्रीय विधायक को जनता के दुख-दर्द को समझते हुए शीघ्र तटबंध बनवाना चाहिए, अन्यथा भविष्य में जनता से किसी सहयोग की उम्मीद न रखें। सुभाष अग्रवाल ने आंदोलन को हर संभव सहयोग देने की घोषणा की, जबकि समाजसेवी नारायण अग्रवाल ने कहा कि गंगा पार क्षेत्र से उनका पुराना नाता है और बाढ़ से होने वाली वार्षिक तबाही से बचाव का एकमात्र उपाय तटबंध है।
बैठक का संचालन प्रशांत पाठक ने किया। बैठक में प्रमुख रूप से अखिलेश तिवारी, पूर्व प्रधान योगेंद्र प्रसाद त्रिवेदी (खुटिया), अनूप प्रधान (बदनपुर), राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष विष्णु मिश्रा, शिक्षक नेता श्यामेंद्र दुबे उर्फ नीरज, पूर्व प्रधान अवधेश सिंह सोमवंशी, सोनू सिंह (हरिहरपुर), अनिल बाजपेई, अवनीश सोमवंशी (सबलपुर), सत्येंद्र सोमवंशी, शीशपाल सिंह यादव, वीरेंद्र सिंह यादव, उमाशंकर मिश्रा, शिवकुमार चौहान, प्रदीप शुक्ला, उदित मिश्रा, नीरज दुबे, श्याम बाबू शुक्ला, बाबू सिंह, राजीव वर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़़
तटबंध निर्माण को लेकर तटबंध बनाओ जन संघर्ष समिति का जनआंदोलन तेज : अब बाजार बंद कराने का ऐलान
