लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव की तेरहवीं में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। उन्होंने पत्नी अपर्णा यादव समेत परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। प्रतीक यादव के निधन के 13वें दिन (तेरहवीं) पर शोक की लहर है। प्रतीक यादव का निधन 13 मई को हुआ था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, फेफड़ों की बीमारी उनकी मृत्यु का कारण बनी। मृत्यु के अगले दिन उनकी अंत्येष्टि भैंसाकुंड श्मशान घाट पर संपन्न हुई थी। आज विक्रमादित्य मार्ग स्थित उनके आवास पर 13वीं का कार्यक्रम चल रहा है। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, उनके भाई धर्मेंद्र यादव, आदित्य यादव, चाचा शिवपाल सिंह यादव और अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव सहित यादव परिवार के समस्त सदस्य मौजूद हैं। पूरा परिवार शोक संतप्त है और एक साथ श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। परिवार के नजदीकी सूत्रों के अनुसार, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य के भी कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम स्थल पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई है। कार्यकर्ता अपने नेता अखिलेश यादव को देखने और श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचे हैं। हालांकि सुरक्षा और प्रवेश को लेकर कड़े नियम बनाए गए हैं। सभी कार्यकर्ताओं को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। केवल चुनिंदा लोगों को ही प्रवेश मिल रहा है। प्रतीक यादव के निधन पर सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गहरा शोक व्याप्त है। परिवार ने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की है।
