बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ कर रहा भाजपा का करप्ट सिस्टम: अखिलेश यादव

‘‘यूथ कहे आज, नो मोर भाजपा’’
लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने गुरुवार को फिर से भाजपा पर तंज कसा। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट से लिखा- सीबीएसई के मामले में लाखों स्टूडेंट्स और उनके माता-पिता की सबसे बड़ी समस्या ये है कि कॉपियों को फिर से जांचने की मांग करके भी क्या हासिल होगा? क्योंकि घपला करने वाला भाजपा का करप्ट सिस्टम तो वही है। न कोई जिम्मेदारी ले रहा है, न कोई इस्तीफा दे रहा है। भाजपा के जिन संगी-साथियों ने सत्ता के आपसी बंटवारे के समय शिक्षा से जुड़े हर मामले का एकाधिकार ले लिया हो, वो भी इस घपले के बाहर आने पर अपने स्वभाव के अनुसार अंडरग्राउंड हो गये हैं। बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले केवल देश के वर्तमान ही नहीं, बल्कि भविष्य से भी दगा कर रहे हैं। अब कहां है वो ‘खुफियाजीवी’ लोग जो नैतिकता का पट्टा गले में डालकर विभाजन की सियासत करते हैं। यूथ कहे आज, नो मोर भाजपा। अखिलेश यादव ने बुधवार को उन्होंने अपने एक्स अकाउंट से लिखा था- अगले चुनाव में जनता भाजपा को धो-पटककर हमेशा के लिए सुखा देगी। शुक्र है उप्र के ‘असफल मुख्यमंत्री’ जी ने ये नहीं कहा कि इस ‘महा विद्युत आपदा’ के पीछे दिल्लीवालों के भेजे हुए दूत की साजिश है। ये स्पष्ट किया जाए कि मुख्यमंत्री जी की समीक्षा बैठक में बिजली मंत्री जी आते नहीं हैं या बुलाए नहीं जाते हैं। अगर आते हैं तो माननीय से अनुरोध है कि उनके ‘कंधे पर हाथ रखकर’ एक तस्वीर आप पोस्ट कर दीजिए, जनता को आपकी ‘आपसी गर्मी’ से तो राहत मिल जाएगी। क्योंकि जनता ने आप दोनों को कभी एकांत में साथ देखा नहीं। भाजपा राज में बिजली के सब-स्टेशनों पर पीएसी लगती है और विधायक-सांसद अपनी ही सरकार के खिलाफ चिट्ठी लिखकर, जनता के आक्रोश से बचने का कायराना काम करते हैं। भाजपा में अब करंट नहीं रहा।