अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) देवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में संयुक्त प्रवेश परीक्षा बी.एड.-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जाने के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था एवं प्रशासनिक प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में संयुक्त प्रवेश परीक्षा बी.एड.-2026 हेतु कुल 06 परीक्षा केंद्र नामित किए गए हैं, जिनमें के.के. इंटर कॉलेज, मुस्लिम मोहम्मदिया इंटर कॉलेज, पी.एस.एम. पी.जी. कॉलेज, राजकीय महिला महाविद्यालय, सेठ वासुदेव सहाय इंटर कॉलेज एवं सुशीला देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज शामिल हैं। इन केंद्रों पर कुल 1882 परीक्षार्थी परीक्षा में प्रतिभाग करेंगे।
उन्होंने बताया कि परीक्षा 31 मई को दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली प्रातः 9:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 2:00 बजे से 5:00 बजे तक संपन्न होगी। परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु 06 स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं 12 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है।
अपर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं अनुशासन की व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाए। किसी भी अभ्यर्थी को इलेक्ट्रॉनिक अथवा अन्य आपत्तिजनक सामग्री परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति न दी जाए तथा प्रवेश के समय सघन तलाशी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने प्रश्न पुस्तिकाओं एवं ओएमआर शीट में अंकित रोल नंबर का सावधानीपूर्वक मिलान करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि जनपद में पूर्व में आयोजित सभी परीक्षाएं सफलतापूर्वक एवं नकलविहीन वातावरण में सम्पन्न कराई गई हैं और इसी प्रकार बी.एड. प्रवेश परीक्षा को भी पूर्ण पारदर्शिता एवं शुचिता के साथ सम्पन्न कराया जाए। उन्होंने परीक्षा से जुड़े समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों एवं मानकों का गहन अध्ययन करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, निष्पक्षता एवं विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, उप जिलाधिकारी नवनीता राय, जिला विद्यालय निरीक्षक पप्पू सरोज सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

