कन्नौज : “तम्बाकू मुक्त कन्नौज” अभियान का शुभारंभ डीएम ने दिलाई शपथ

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस (31 मई) के अवसर पर जनपद कन्नौज में तम्बाकू नियंत्रण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु आज कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष अभियान का शुभारंभ जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री द्वारा किया गया। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में स्थापित जागरूकता बोर्ड पर हस्ताक्षर कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की तथा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तम्बाकू निषेध की शपथ भी दिलाई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि तम्बाकू सेवन मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत घातक है तथा यह कैंसर, हृदय रोग एवं श्वसन संबंधी गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण बनता है। उन्होंने बताया कि जनपद में आज से 03 जून 2026 तक व्यापक जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा, जिसके अंतर्गत सार्वजनिक स्थलों एवं विभिन्न संस्थानों में जागरूकता कार्यक्रम, रैलियां एवं प्रचार-प्रसार गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को तम्बाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों एवं सामाजिक-आर्थिक नुकसान के प्रति जागरूक करना है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे स्वयं तम्बाकू एवं तम्बाकू उत्पादों के सेवन से दूर रहें तथा अपने परिवार और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।

उन्होंने कहा कि जनसहभागिता एवं सामूहिक प्रयासों के माध्यम से ही “तम्बाकू मुक्त कन्नौज” के लक्ष्य को सफलतापूर्वक प्राप्त किया जा सकता है।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) देवेन्द्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर सुश्री वैशाली, उप जिलाधिकारी नवनीता राय सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।