कन्नौज : टूटी पड़ी हाइटेंशन लाइन से सफाई कर्मी की मौत

समधन कस्बे में हुई घटना, कूड़ा गाड़ियां खड़ी कर सफाई कर्मियों ने रोड जाम किया

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। समधन कस्बा निवासी एक सफाई कर्मी टूटी पड़ी हाइटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही परिजन और सफाई कर्मी शव लेकर कन्नौज फर्रुखाबाद रोड पर पहुंच गए। जहां कूड़ा गाड़ियां आड़ी-तिरक्षी खड़ी कर उन्होंने जाम लगा दिया। अधिकारियों से लिखित आश्वासन मिलने का बाद भीड़ ने जाम खोला।

घटना गुरसहायगंज कोतवाली की समधन चौकी क्षेत्र के किदवई नगर मोहल्ले की है। यहां कर रहने वाले राजकुमार बाल्मीकि (30) समधन नगर पंचायत में सफाई कर्मी के पद पर कार्यरत है। रविवार सुबह वह सफाई का काम कर रहे थे। ईदगाह के पास झाड़ी और घास हटाने के दौरान टूटी पड़ी हाइटेंशन लाइन की चपेट में आने से राजकुमार छटपटाने लगा और कुछ ही देर में दम तोड़ दिया।

मामले की जानकारी होते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। यहां से किसी तरह शव लेकर वह लोग फर्रुखाबाद-कन्नौज रोड पर पहुंचे। जहां नगर पंचायत के अन्य सफाई कर्मी भी आ गए। जिन्होंने बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए हंगामा किया और फिर हाथ वाली कूड़ा गाड़ियां आड़ी-तिरक्षी खड़ी कर जाम लगा दिया। बताया गया कि तीन दिन पहले आंधी आने पर तार टूट गया था, जिसे विभाग के द्वारा सही नहीं कराया गया और ये हादसा हो गया।

उधर रोड जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही गुरसहायगंज कोतवाली प्रभारी अजय अवस्थी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मृतक की पत्नी को नौकरी और मुआवजे पर लिखित आश्वासन मिलने तक जाम न खोलने की जिद पर अड़ गए।

कोतवाल अजय अवस्थी ने उच्चाधिकारियों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद एसडीएम छिबरामऊ ज्ञानेन्द्र कुमार द्विवेदी, सीओ छिबरामऊ सुरेश कुमार पहुंच गए। कुछ देर में एडीएम देवेंद्र सिंह भी वहां पहुंच गए। अधिकारियों ने 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता, पत्नी को समान नौकरी, बच्चों की पढ़ाई के लिए 2500 रुपए हर महीने छात्रवृत्ति और आवास योजना का लाभ दिलाने का लिखित आश्वासन दिया। जिसके बाद भीड़ जाम खोलने को राजी हुए। इस दौरान ढाई घण्टे तक जाम लगा रहा।