कन्नौज: डीएम- एसपी ने किया कारागार का मासिक निरीक्षण, बंदियों के स्वास्थ्य परीक्षण पर जोर

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार द्वारा आज जिला कारागार का निरीक्षण कर सुरक्षा, व्यवस्थाओं एवं बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहन अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान कारागार की विभिन्न बैरकों का निरीक्षण करते हुए निरुद्ध बंदियों की स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था तथा स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक द्वारा अवगत कराया गया कि कारागार परिसर में नियमित रूप से सुरक्षा जांच एवं निरीक्षण की कार्रवाई की जाती है तथा जेल स्टाफ द्वारा निरंतर सतर्कता बरती जा रही है। निरीक्षण के समय जिला कारागार में समस्त व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कारागार परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री जेल के अंदर प्रवेश न कर सके। उन्होंने कहा कि कारागार में आने वाले नए बंदियों का प्राथमिकता के आधार पर चिकित्सकीय परीक्षण कराया जाए तथा उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

पुलिस अधीक्षक ने जेल प्रशासन को निर्देश दिए कि कारागार का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा निरुद्ध बंदियों की गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा विशेष परिस्थिति की सूचना समय-समय पर संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए, जिससे सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था पूरी तरह सुनिश्चित बनी रहे।