समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण और जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। आज भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर विधानसभा क्षेत्र कन्नौज की मासिक बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री एवं कन्नौज सदर से विधायक असीम अरुण तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया उपस्थित रहे। दोनों वरिष्ठ नेताओं ने दीप प्रज्वलित कर बैठक का विधिवत शुभारंभ किया और उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
बैठक को संबोधित करते हुए समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा “भारतीय जनता पार्टी की असली ताकत हमारे जमीनी कार्यकर्ता हैं। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुँचाना हमारा मुख्य लक्ष्य है। हमें संगठन को और अधिक मजबूत करते हुए जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहना है।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को सुना और संगठन के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा की।
वहीं, जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने सांगठनिक मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि पार्टी के सभी बूथ और सेक्टर स्तर के कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर ही भाजपा आज इस मुकाम पर है। उन्होंने मासिक बैठकों की निरंतरता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता की सराहना की।
बैठक में केंद्र व राज्य सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया।
आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों और बूथ स्तर को और अधिक सशक्त बनाने पर रणनीति तैयार की गई। वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं के सुझाव सुने और संगठन के आगामी कार्यों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की।
इस मासिक बैठक में जिला महामंत्री शैलेन्द्र दुबे, रामसेवक कठेरिया, विक्रम त्रिपाठी, दीप शिखा पाल, अशोक सिंह, लाल सिंह दोहरे, जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक पाण्डेय, मंगलम पाण्डेय, उदय कटियार, संध्या शर्मा, प्राची गुप्ता, अवधेश राठौर, प्रवीन टण्डन, राजेश राजपूत, लोकेन्द्र चौहान, शिवेंद्र कुमार, राजन अवस्थी समेत विधानसभा कन्नौज के सभी प्रमुख पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, सेक्टर प्रभारी एवं भारी संख्या में समर्पित कार्यकर्ता व मौजूद रहे।
