बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री एवं कन्नौज सदर विधायक असीम अरुण ने आज निर्माणाधीन अमृत सरोवरों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कलेक्ट्रेट के निकट निर्माणाधीन अमृत सरोवर, धीरा ताल तथा वन विभाग के समीप स्थित अमृत सरोवर का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवर योजना जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे भूजल स्तर सुधारने के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी लाभ प्राप्त होगा।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं पारदर्शिता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने अमृत सरोवरों के आसपास स्वच्छता, सौंदर्यीकरण एवं पौधरोपण पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
इस अवसर पर विवेक पाठक, अवधेश राठौर, भानु प्रताप सिंह, राम प्रकाश अरुण, जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक पाण्डेय समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

