बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। “विश्व तम्बाकू निषेध दिवस” 31 मई के अवसर पर जनपद में एक सप्ताह तक चलाए जा रहे जनजागरूकता कार्यक्रमों की श्रृंखला में आज दिनांक 01 जून को जनपद के समस्त सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर हस्ताक्षर अभियान एवं तम्बाकू निषेध शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह जानकारी मुख्य चिकित्साधिकारी ने दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत चिकित्सा अधीक्षकों द्वारा चिकित्सालयों में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तम्बाकू एवं तम्बाकू उत्पादों के सेवन से दूर रहने तथा समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। साथ ही सभी प्रतिभागियों ने हस्ताक्षर अभियान में सहभागिता करते हुए तम्बाकू मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षकों ने तम्बाकू सेवन से होने वाली गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं, जैसे कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी बीमारियों एवं अन्य दुष्प्रभावों के विषय में विस्तार से जानकारी देते हुए उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संवेदनशील एवं जागरूक किया। उन्होंने सभी से स्वयं तम्बाकू का त्याग करने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

