कन्नौज। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की धीमी प्रगति पर डीएम नाराज

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान एवं पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत लाभार्थियों के चयन, स्वीकृत आवेदनों तथा लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। समीक्षा के दौरान पाया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में निर्धारित 1700 के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक केवल 107 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं, जबकि माह मई में मात्र 34 आवेदन ही स्वीकृत हो सके हैं। इस धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए सीएम युवा फेलो रविकांत एवं सुनील वर्मा का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया कि जिन आवेदकों के प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र के अभाव में बैंकों द्वारा ऋण स्वीकृत अथवा वितरित नहीं किया जा सका है, उन सभी पात्र आवेदकों का प्रशिक्षण शीघ्र पूर्ण कराकर प्रमाण-पत्र संबंधित बैंकों को उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बैंकों में कोई भी आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना प्रदेश सरकार की एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके प्रभावी क्रियान्वयन से युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

मुफ्त बिजली योजना की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद में 2497 सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित है। इसके सापेक्ष अब तक 2028 सोलर रूफटॉप संयंत्र स्थापित कराए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजना से आच्छादित किया जाए, जिससे अधिक से अधिक परिवार सौर ऊर्जा का लाभ प्राप्त कर सकें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास, उपायुक्त एनआरएलएम राजकुमार लोधी, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), उपायुक्त उद्योग प्रेमकांत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।