मंडी रोड निर्माण में बड़ा घोटाला ? स्थानीय लोगों ने घटिया निर्माण का आरोप लगाकर रुकवाया काम

फर्रूखाबाद।।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।   जनपद की सबसे महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल मंडी रोड पर सेंट्रल जेल चौराहे से आईटीआई चौराहे तक लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से चल रहे सड़क निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए स्थानीय लोगों ने हंगामा कर काम रुकवा दिया। लोगों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी और ठेकेदार की मिलीभगत से मानकों को दरकिनार कर सड़क का निर्माण कराया जा रहा था।
स्थानीय निवासियों के अनुसार कई दिनों से चल रहे निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन किसी भी अधिकारी ने गंभीरता से संज्ञान नहीं लिया। आरोप है कि जब लोगों ने ठेकेदार के कर्मचारियों से मानक के अनुसार कार्य करने को कहा तो उन्हें धमकाया गया और दबाव बनाने का प्रयास किया गया।
मामले की जानकारी मिलने पर फर्रूखाबाद विकास मंच के जिला अध्यक्ष भईयन मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने निर्माणाधीन सड़क की जांच की तो कई गंभीर खामियां सामने आने का दावा किया गया। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार सीसी सड़क की मोटाई जहां 25 सेंटीमीटर होनी चाहिए थी, वहां कई स्थानों पर मात्र 10 से 15 सेंटीमीटर पाई गई। वहीं सड़क की बेस लेयर भी निर्धारित मानकों से काफी कम बताई गई। लोगों का कहना है कि कुल मिलाकर सड़क की मोटाई 55 सेंटीमीटर होनी चाहिए थी, लेकिन जांच में यह कई स्थानों पर 30 सेंटीमीटर से भी कम निकली। इसके अलावा प्लांट मिक्स कंक्रीट के बजाय मिक्सर से सीसी तैयार किए जाने तथा वाइब्रेटर का उपयोग न करने के भी आरोप लगाए गए। विवाद बढ़ने पर निर्माण कार्य तत्काल रुकवा दिया गया। भईयन मिश्रा ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को मौके पर बुलाकर सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की। देर रात पहुंचे सहायक अभियंता और जूनियर अभियंता ने मौके पर निरीक्षण किया और सड़क की मोटाई की जांच की। भईयन मिश्रा ने चेतावनी देते हुए कहा कि जनता के पैसे का दुरुपयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई, फर्म को ब्लैकलिस्ट करने और मानकों के अनुरूप दोबारा निर्माण कराने की मांग की। पूर्व ब्लॉक प्रमुख कमलेश पाठक ने कहा कि मुख्य मार्ग पर इस प्रकार का घटिया निर्माण बेहद गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष पंकज मिश्रा ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों ट्रक गुजरते हैं, इसलिए सड़क की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
सभासद महेश अग्निहोत्री, अतुल शंकर दुबे और विश्वनाथ राजपूत ने भी निर्माण कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि जनता का पैसा लूटने नहीं दिया जाएगा। मौके पर निशीत दुबे उर्फ निशु, विनय सिंह सोमवंशी, बीके गुप्ता, मदन अग्निहोत्री, राजीव पाल, ओम निवास पाठक, राहुल वर्मा, नितिन यादव, जितेंद्र वर्मा, राजेश मिश्रा, आलोक मिश्रा भूरे, सनी बाथम, आशू मिश्रा, पंकज राठौर, इमरान खान, महिपाल राजपूत, शिवांग बाजपेई, रजत वर्मा, चंचल, रामबरन शाक्य, आशुतोष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।