फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। जनपद की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं आधुनिक बनाने की दिशा में निर्माणाधीन कादरीगेट थाना भवन का बुधवार को पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने निर्माणाधीन भवन के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण कर मौके पर चल रहे कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने थाना भवन के नक्शे का अध्ययन करते हुए भवन की संरचना, कार्यालय कक्षों, अभिलेख कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, आगंतुक कक्ष, आवासीय सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। एसपी ने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को भी परखा और कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। इस अवसर पर थाना प्रभारी कादरीगेट कपिल चौधरी ने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, प्रस्तावित सुविधाओं तथा अब तक पूर्ण हुए कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कादरीगेट थाने की बिल्डिंग का एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण

