कन्नौज: अखिलेश के गढ़ में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद फिर हुए योगी सरकार पर हमलावर

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज:(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )।  जिले में गौ संरक्षण और जनजागरण के उद्देश्य से निकाली जा रही गविष्टि यात्रा के दौरान ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती बुधवार को कन्नौज पहुंचे। तिर्वा कस्बे में उनके आगमन पर श्रद्धालुओं और समर्थकों ने भव्य स्वागत किया।

इस दौरान शंकराचार्य ने गौ संरक्षण के मुद्दे को लेकर योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पूरे भारत में बिकने वाले मांस का आधे से अधिक कारोबार उत्तर प्रदेश में हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि “इतना बड़ा मांस व्यापारी कोई नहीं हो पाया, जितना बड़े ये हो गए। यूपी के बीफ एक्सपोर्ट पर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तरेश्वरानंद ने कहा कि गौ रक्षा और गौ संरक्षण की बात करने पर उन पर कई तरह के आरोप लगाए जाते हैं, लेकिन इससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने कहा, “जघन्य से जघन्य आरोप हम पर लगाए जा चुके हैं, इससे ज्यादा क्या लगाएंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि यदि गाय के संरक्षण और उसके पक्ष में आवाज उठाना विपक्ष का समर्थन माना जाता है, तो उन्हें विपक्षी कहे जाने से कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा, “गाय का प्रचार अगर विपक्ष का प्रचार है तो विपक्ष ही सही।”

शंकराचार्य ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनका पक्ष हमेशा गाय और गौ संरक्षण के साथ रहेगा। उन्होंने कहा, “तुम्हारे लिए हमारा पक्ष वही है जो गाय के साथ खड़ा है।”

अपने संबोधन के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान समय में उनका वैचारिक विरोध उत्तर प्रदेश सरकार और भारतीय जनता पार्टी से है हालांकि, उनके इन बयानों को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

गविष्टि यात्रा के माध्यम से शंकराचार्य देशभर में गौ संरक्षण, गौ संवर्धन और धार्मिक जागरूकता का संदेश दे रहे हैं।