कन्नौज: अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन ने की जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )।  आज  अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, अनुपम कुलश्रेष्ठ आईपीएस आर आर 1995 एवम उपमहानिरीक्षक कानपुर रेंज हरीश चन्दर द्वारा जनपद का भ्रमण किया गया। जनपद आगमन पर पुलिस अधीक्षक कन्नौज द्वारा उनका स्वागत किया गया। एडीजी जोन बनने के बाद श्रीमती कुलश्रेष्ठ का यह पहला जनपद भ्रमण था।

भ्रमण कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रस्तुतीकरण किया गया। तत्पश्चात अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही, महिला एवं बाल सुरक्षा, जनसुनवाई की गुणवत्ता तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने हेतु दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके बाद अपर पुलिस महानिदेशक द्वारा राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर लंबित विवेचनाओं, महिला संबंधी अपराधों, साइबर अपराधों, ऑपरेशन कन्विक्शन, ऑपरेशन त्रिनेत्र, बीट पुलिसिंग तथा अपराध नियंत्रण संबंधी कार्यों की समीक्षा की गई एवं आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए।

भ्रमण के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से भी भेंट कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। इसके अतिरिक्त मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर जनपद में कानून-व्यवस्था एवं पुलिस की जनहितकारी पहलों के संबंध में जानकारी साझा की। उन्होंने पुलिस लाइन का निरीक्षण भी किया, जिसमें आवासीय परिसर, मेस, बैरक, कार्यालयों तथा अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान व्यवस्थाओं की गुणवत्ता, अनुशासन एवं कार्मिकों की सुविधाओं के संबंध में संबंधित को सतर्कता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करने हेतु निर्देशित किया गया। आयोजित सम्मेलन में उपस्थित कर्मचारियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं सेवा संबंधी कठिनाइयों को गंभीरता से सुना गया। संबंधित को निर्देशित किया गया कि कार्मिकों की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाये, जिससे पुलिस बल का मनोबल सुदृढ़ हो तथा कार्यक्षमता में वृद्धि हो। साथ ही अनुशासन, बेहतर कार्यसंस्कृति एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता बनाए रखते हुए कर्तव्यों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया गया। एडीजी ने थाना कोतवाली कन्नौज का आकस्मिक निरीक्षण कर अभिलेखों, अपराध रजिस्टरों, मालखाना, हवालात, सीसीटीएनएस कार्यों एवं जनसुनवाई व्यवस्था की समीक्षा की गई।

अपर पुलिस महानिदेशक ने जनपद में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर संतोष व्यक्त करते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनता के प्रति संवेदनशील एवं उत्तरदायी व्यवहार बनाए रखने तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सहित जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।