“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत प्रभारी मंत्री ने किया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर जनपद कन्नौज के प्रसिद्ध लाख बहोसी पक्षी विहार में भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्र उद्योग विभाग के मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री राकेश सचान ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
इस अवसर पर सभी अतिथियों ने पर्यावरण संरक्षण के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान में सहभागिता करते हुए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण किया तथा उपस्थित जनसमूह को पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्ष संवर्धन की शपथ दिलाई। इस अवसर पर आयोजित क्विज एवं कला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया तथा कृषकों को अरहर की उन्नत बीज किट वितरित कर लाभान्वित किया गया।
प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने अपने संबोधन में कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस हमें प्रकृति के प्रति अपने दायित्वों का स्मरण कराता है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन तथा माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। प्रदेश में इस वर्ष व्यापक वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जा रहा है तथा जनपद कन्नौज में लगभग 38 लाख से अधिक पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है। बढ़ते तापमान, प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कोरोना काल ने ऑक्सीजन के महत्व को पूरी दुनिया के सामने रखा था, इसलिए प्रत्येक नागरिक को वृक्ष लगाने और उन्हें जीवित रखने का संकल्प लेना चाहिए।
प्रभारी मंत्री ने प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विभागों को वृक्षारोपण के लक्ष्य आवंटित किए गए हैं, वे लक्ष्य के अनुरूप पौधारोपण सुनिश्चित करने के साथ-साथ पौधों की सुरक्षा एवं देखभाल की प्रभावी व्यवस्था भी करें। उन्होंने कहा कि इस महाअभियान में विभागों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों, किसानों, स्वयंसेवी संगठनों और आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को “हरित प्रदेश एवं स्वच्छ प्रदेश” बनाने की मुख्यमंत्री की परिकल्पना को साकार करने में महिलाओं, युवाओं और बच्चों की महत्वपूर्ण भूमिका है। बढ़ती आबादी, सड़क चौड़ीकरण एवं विकास कार्यों के कारण कटने वाले वृक्षों की भरपाई के लिए उससे अधिक संख्या में पौधे लगाए जाने तथा उनके संरक्षण हेतु ट्री-गार्ड की व्यवस्था किए जाने की आवश्यकता है।
प्रभारी मंत्री ने जनपद प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि जिलाधिकारी एवं उनकी टीम सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बिना किसी भेदभाव के आमजन तक पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने लाख बहोसी पक्षी विहार के विकास एवं पर्यटन संवर्धन हेतु आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए तथा आश्वस्त किया कि इसके विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने कहा कि लाख बहोसी पक्षी विहार जनपद की अमूल्य प्राकृतिक धरोहर है, जहां प्रत्येक वर्ष देश-विदेश से प्रवासी पक्षी आते हैं। उन्होंने बताया कि यहां आने वाले पर्यटकों एवं आमजन की सुविधा के लिए क्षतिग्रस्त कटैया पुल के निर्माण का टेंडर जारी हो चुका है तथा सड़क चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी स्वीकृत हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों से कानून व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है तथा विकास कार्यों को गति मिली है।
पार्टी जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रत्येक व्यक्ति को “एक पेड़ माँ के नाम” लगाने तथा उसे जीवित रखने का संकल्प लेना चाहिए। यही प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी सच्ची जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं, बल्कि सतत जनभागीदारी का अभियान है। उन्होंने बताया कि आज से 21 जून तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही जनपद की सभी 81 न्याय पंचायतों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे, जहां विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला पर्यटन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं, किसान तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

