कन्नौज: कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार ने रोपा आम का पौधा माँ के नाम

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )।  विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज सेन्टर ऑफ एक्सीलेन्स फॉर वेजिटेबल उमर्दा पर कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार द्वारा वृहद् वृक्षारोपण कार्यक्रम के अन्तर्गत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महा अभियान के तहत अरूणिका प्रजाति के आम पौध का रोपण किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार,  उप जिलाधिकारी तिर्वा सुश्री वैशाली तथा संयुक्त निदेशक शाकभाजी निदेशालय उद्यान विभाग द्वारा भी आम पौध का केन्द्र के परिसर में रोपण किया गया। वृक्षारोपण के उपरान्त कृषि उत्पादन आयुक्त  ने केन्द्र के क्रियाकलापों का अवलोकन किया, उन्होने हाईटेक नर्सरी में शाकभाजी पौध उत्पादन की गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की। बीज बुवाई मशीन संचालन प्रक्रिया को देखा। इसके उपरान्त उन्होनें नेट हाउस में लगे मल्चिंग, स्टेकिंग एवं ड्रिप सिंचाई आदि तकनीक से बैंगन फसल के प्रदर्श का भी अवलोकन किया।

निरीक्षण के बाद उन्होंने सभी प्रकार की व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिये। आगन्तुक कृषकों को सब्जी उत्पादन हेतु नवीनतम तकनीकों के बारे में जानकारी देते रहने के लिए कहा। उन्होंने ड्रिप, स्प्रिंकलर द्वारा कृषकों को सिंचाई करने हेतु प्रोत्साहित करने के निर्देश दिये तथा केन्द्र पर बने पॉलीहाउस, नेटहाउस में कृषकों को विभिन्न प्रकार की सब्जियों के प्रदर्श लगाकर सभी मौसम प्रशिक्षण देने की भी सलाह दी। इस मौके पर उप निदेशक उद्यान कानपुर मण्डल, कानपुर, सहायक नोडल अधिकारी ‘पर ड्रॉप मोर कॉप’ निदेशालय उद्यान विभाग, जिला उद्यान अधिकारी एवं जनपद के प्रगतिशील कृषक आदि उपस्थित रहे।