बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज:(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में तहसील तिर्वा सभागार में भी संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सम्पन्न हुआ। जिलाधिकारी ने जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए।
तहसील तिर्वा में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 181 संदर्भ/प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 18 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों को समयबद्ध कार्रवाई हेतु संबंधित विभागों को सौंपा गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनशिकायतों का निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी होना चाहिए। शिकायतकर्ता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, संपूर्ण समाधान दिवस एवं अन्य शिकायत पोर्टलों पर लंबित प्रकरणों का नियमित अनुश्रवण किया जाए तथा उनका समयबद्ध, तथ्यपरक एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने राजस्व संबंधी मामलों, भूमि विवादों, पैमाइश, कब्जा, विद्युत, पेयजल एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से संबंधित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, उप जिलाधिकारी तिर्वा सुश्री वैशाली तथा विभिन्न विभागों के जिला एवं तहसील स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

