कन्नौज: सर्विलांस टीम ने मालिकों को लौटाए खोये हुए 121 मोबाइल

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )।  आज पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार द्वारा दिये गये निर्देशों के क्रम में जनपदीय सर्विलांस टीम द्वारा जनपद में खोए हुए 121 मोबाइल फोनों को सीएआईआर पोर्टल के माध्यम से बरामद किया गया, बरामद मोबाइलों को पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार द्वारा सम्बन्धित मोबाइल धारकों को सौंपा गया। मोबाइल धारकों ने अपना खोया हुआ मोबाइल फोन वापस पाकर प्रसन्नता जाहिर कर कन्नौज पुलिस का आभार व्यक्त किया। मोबाइल धारकों ने कहा कि उन्हें विश्वास नहीं था कि उन्हें अपना खोया हुआ मोबाइल वापस मिल जायेगा किन्तु पुलिस द्वारा किये सराहनीय प्रयासों से उनका खोया हुआ फोन वापस मिल सका है । 

 मोबाइल धारकों को सचेत करते हुये पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार द्वारा मोबाइल मिसिंग की ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया और पोर्टल के विषय में बताया। भारत सरकार के दूरसंचार विभाग द्वारा संचालित इस पोर्टल पर अपना मोबाइल खो जाने की स्थिति में सर्वप्रथम यूपी काप एप के माध्यम से /सम्बन्धित थाने पर जाकर अपनी शिकायत दर्ज करानी होती है, इसके पश्चात शिकायती प्रार्थना पत्र को अपने पहचान पत्र व मोबाइल बिल के साथ पोर्टल की वेबसाइट पर जाकर गुम/चोरी हुये मोबाइल को ब्लाक करने के लिए अनुरोध करना होता है।