संपूर्ण समाधान दिवस में आईं 216 शिकायतें : 15 का मौके पर निस्तारण

फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। तहसील सभागार में जिलाधिकारी अंकुर लाठर की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी। समाधान दिवस में कुल 216 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से मात्र 15 मामलों का मौके पर निस्तारण किया जा सका। अधिकांश शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं, जबकि पुलिस और बिजली विभाग से जुड़े मामलों की भी बड़ी संख्या देखने को मिली। इस दौरान पुलिस अधीक्षक आरती सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे और शिकायतकर्ताओं की समस्याएं सुनीं।
ग्राम वलीपुर मजरा अठसेनी परगना शमशाबाद निवासी बुजुर्ग महिला देवकी देवी पत्नी स्वर्गीय जागेश्वर दयाल ने आरोप लगाया कि उनकी विवादित भूमि पर खड़ी गेहूं की फसल को जिलाधिकारी के आदेश पर गौशाला साहेबगंज भेज दिया गया था, जबकि अविवादित साढ़े चार बीघा भूमि पर खड़ी फसल को ग्राम प्रधान और लेखपाल द्वारा कटवाने नहीं दिया गया। विरोध करने पर मारपीट की धमकी दी गई और पुलिस के माध्यम से भी फसल कटाई रुकवा दी गई। महिला ने बताया कि बाद में आंधी और बारिश से उनकी चार बीघा फसल नष्ट हो गई, लेकिन कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। नगला धोबियान मजरा बरतल निवासी सुरेश पुत्र गेंदा लाल ने आरोप लगाया कि उनकी कृषि भूमि पर गांव के एक व्यक्ति ने कब्जा कर कमरा बना लिया है और अब बोरिंग कराकर स्थायी कब्जे की कोशिश की जा रही है। विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी जाती है। वहीं, रामनगर मजरा शाहीपुर निवासी यशलेन्द्र सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी पट्टे की भूमि पर गांव के कुछ दबंगों ने कब्जा कर लिया है और कई शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। कुरार निवासी रूपलाल ने भी अपनी पट्टे की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत करते हुए कहा कि दबंग लोग उन्हें खेती नहीं करने दे रहे हैं और विरोध करने पर झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देते हैं।
नगर पंचायत कम्पिल के सभासद महेश चंद्र शाक्य ने अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार यादव और अवर अभियंता श्रीकृष्ण राजपूत पर बिना स्थलीय निरीक्षण किए शिकायतों का निस्तारण दर्शाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सीसी सड़क निर्माण और आरओ चिलर प्लांट से संबंधित शिकायतों में गलत रिपोर्ट लगाकर वास्तविक स्थिति को छिपाने का प्रयास किया गया है।
समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों में सबसे अधिक मामले भूमि विवाद, अवैध कब्जे और राजस्व विभाग से संबंधित रहे। इसके अलावा पुलिस और बिजली विभाग से संबंधित शिकायतें भी अधिकारियों के समक्ष पहुंचीं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से शिकायतों के निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी अंकुर लाठर, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी आनंद उपाध्याय, विधायक सुरभि, एसडीएम अतुल कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।