बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों जानकारी उपलब्ध कराने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित किए जाने के उद्देश्य से आज विकास खंड तालग्राम की ग्राम पंचायत तेरारब्बू में “विकसित कृषि संकल्प अभियान” के अंतर्गत किसान गोष्ठी एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
इस दौरान जिलाधिकारी ने सोनपाल एवं विनोद कुमार को विरासत तथा जनुका को नाम संशोधन का प्रमाण पत्र वितरित करते हुए कहा कि भारत सरकार के 12 वर्ष तथा राज्य सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा वंचित एवं पात्र नागरिकों को उनका अधिकार दिलाना है। उन्होंने कहा कि सरकार जनसामान्य के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रही है तथा विकास एवं जनकल्याण को नई गति प्रदान कर रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत आज प्रथम पाली (प्रातः 8:00 बजे से 11:00 बजे तक) विकास खंड कन्नौज की ग्राम पंचायत रजईमऊ, विकास खंड उमर्दा की ग्राम पंचायत करौदा शाहनगर तथा विकास खंड तालग्राम की ग्राम पंचायत अमोलर में तथा द्वितीय पाली (अपराह्न 3:00 बजे से 6:00 बजे तक) विकास खंड कन्नौज की ग्राम पंचायत फगुहा, विकास खंड उमर्दा की ग्राम पंचायत बस्ता एवं विकास खंड तालग्राम की ग्राम पंचायत तेरारब्बू में विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत किसान गोष्ठियों का आयोजन किया गया।
उन्होंने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार स्वयं गांवों तक पहुंचकर नागरिकों की समस्याओं को सुन रही है और उनके समयबद्ध निस्तारण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्कृष्ट उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराया जाए, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो सके और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त बने।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार प्रत्येक नागरिक के साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने भूमि संबंधी विवादों के प्रति जागरूक करते हुए किसानों से भूमि क्रय-विक्रय में सावधानी बरतने तथा शर्तिया बैनामों से बचने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत चल रहे सभी अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को जैविक खेती को बढ़ावा देने, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा उर्वरकों के संतुलित एवं सीमित उपयोग के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों की सूची ग्रामवासियों को पढ़कर सुनाई गई। खाद्य एवं रसद, समाज कल्याण, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों द्वारा अपनी-अपनी जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित मेडिकल कैम्प में ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया।
इसके अतिरिक्त “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत दिनांक 11 जून को प्रथम पाली (प्रातः 8:00 बजे से 11:00 बजे तक) विकास खंड गुगरापुर की ग्राम पंचायत नवलपूर्वा, विकास खंड छिबरामऊ की ग्राम पंचायत जगदीशपुर तथा विकास खंड सौरिख की ग्राम पंचायत शरीफपुर में तथा द्वितीय पाली (अपराह्न 3:00 बजे से 6:00 बजे तक) विकास खंड गुगरापुर की ग्राम पंचायत चांदपुर बागर, विकास खंड छिबरामऊ की ग्राम पंचायत रामखेड़ा एवं विकास खंड सौरिख की ग्राम पंचायत डडौना में विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत किसान गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी नरेन्द्र देव द्विवेदी, तहसीलदार छिबरामऊ अभिनव कुमार वर्मा, खंड विकास अधिकारी तालग्राम उमाशंकर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
