इन्दरगढ़ थाना परिसर में आत्मदाह का प्रयास
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। जिला पुलिस की कार्यशैली से परेशान होकर एक मीडिया कर्मी ने थाना परिसर में ही आत्मदाह का प्रयास किया। उसने खुद पर केरोसिन उड़ेल लिया जिससे थाने में हड़कंप मच गया। पुलिस कर्मियों ने किसी तरह उसे आत्मदाह करने से रोक लिया। उसने पुलिस पर बिना पैसे काम न करने के गम्भीर आरोप लगाए।
मामला इन्दरगढ़ कस्बे के पटेल नगर तिराहे का है। यहां के रहने वाले मीडिया कर्मी शिवा पटेल का आरोप है कि उनके खेत में खड़ी फसल को उन्हीं के बटाईदार ने काट लिया। जिससे उनका नुकसान हुआ। जब इस मामले की शिकायत इन्दरगढ़ थाने में की तो कार्यवाही करने की बजाय थानाध्यक्ष नीलम सिंह ने कहा कि फसल काट ली तो क्या हो गया। बटाईदार के खिलाफ कार्यवाही न होने पर उसने कन्नौज पुलिस ऑफिस पहुंच कर एडिशनल एसपी से मामले की शिकायत की। इसके बावजूद कोई कार्यवाही नहीं हुई।
थाना पुलिस पर बिना पैसे कोई कार्यवाही न करने के गम्भीर आरोप लगाते हुए मीडिया कर्मी शिवा पटेल ने गुरुवार दोपहर इन्दरगढ़ थाने पहुंच कर आत्मदाह का प्रयास किया। उन्होंने कट्टी में भरा केरोसिन खुद पर उड़ेल लिया। ये सब देखकर थाने में मौजूद पुलिस कर्मियों के बीच हड़कम्प मच गया। किसी तरह पुलिस कर्मियों ने उसे आग लगने से रोक लिया। मामले को लेकर सीओ तिर्वा कुलवीर सिंह ने बताया कि इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। थाने से पता करता हूं।
26 जनवरी को पुलिस ने दिया था प्रशंसा पत्र
इन्दरगढ़ थाना पुलिस का सहयोग करने के मामले में मीडिया कर्मी शिवा पटेल को 26 जनवरी को कन्नौज पुलिस की ओर से सम्मानित किया गया था। परेड ग्राउंड में मुख्य अतिथि के हाथों से प्रशंशा पत्र दिलाया गया था। ऐसे में उसी मीडिया कर्मी द्वारा पुलिस पर गम्भीर आरोप लगाये गए। जिसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रहीं हैं।
विधायक से भी हो चुकी बहस
करंट से युवक की मौत मामले में करीब 3 महीने पहले तिर्वा के तत्कालीन विधायक और अब प्रदेश के ऊर्जा राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत से इन्दरगढ़ थाना इंचार्ज नीलम सिंह की बहस हो चुकी है। उनका आरोप था कि उन्होंने करंट से मौत होने के बाद भी उन्होंने रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया था। मंत्री जी कई बार सम्बन्धित थानाध्यक्ष की कार्यशैली की आलोचना करते रहे हैं।
