कन्नौज: मेहंदी घाट पर बाढ़ आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल का आयोजन

आपात परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का हुआ परीक्षण

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। आगामी मानसून एवं संभावित बाढ़ की परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने तथा विभिन्न विभागों की आपदा प्रबंधन संबंधी तैयारियों का आकलन करने के उद्देश्य से मेहंदी घाट पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार की उपस्थिति में बाढ़ आपदा प्रबंधन मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।

मॉक ड्रिल में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पीएसी बाढ़ राहत इकाई, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग तथा जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की संयुक्त टीमों ने सक्रिय सहभागिता की। अभ्यास के दौरान बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने, राहत एवं बचाव कार्य संचालित करने, घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने तथा उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की कार्यवाही का सफल प्रदर्शन किया गया।

अभ्यास के दौरान रेस्क्यू बोट संचालन, लाइफ जैकेट एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों के प्रभावी उपयोग, सायरन एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से आमजन को समय रहते सतर्क करने तथा आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के मध्य समन्वित कार्यवाही का प्रदर्शन किया गया। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, संसाधनों के कुशल उपयोग एवं राहत कार्यों की प्रभावशीलता का परीक्षण भी किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी बनाए रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल प्रारंभ किए जाएं। उन्होंने कहा कि जनहानि रोकना और प्रभावित लोगों तक समयबद्ध सहायता पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

कार्यक्रम के अंत में आमजन से अपील की गई कि वर्षा एवं बाढ़ के दौरान अफवाहों पर ध्यान न दें, नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के निकट अनावश्यक रूप से न जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना दें। जनपद कन्नौज पुलिस एवं जिला प्रशासन बाढ़ आपदा से निपटने हेतु पूर्णतः सतर्क एवं तैयार है।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर नवनीता राय, आपदा विशेषज्ञ सुश्री जय लक्ष्मी पांडेय, नायब तहसीलदार भरत मौर्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का संचालन तहसीलदार सदर अवनीश कुमार सिंह ने किया।