कन्नौज: बाल श्रम मुक्त पंचायतों के प्रतिनिधि लखनऊ भेजे गए

सीडीओ और एडीएम ने दिखाई वाहन को हरी झंडी

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। मुख्यमंत्री की प्राथमिक कार्ययोजनाओं के अंतर्गत प्रदेश को वर्ष 2027 तक बाल श्रम मुक्त घोषित किया जाना प्रस्तावित है। प्रथम चरण में प्रदेश के आठ आकांक्षी जनपदों बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, सोनभद्र, चित्रकूट, चंदौली, सिद्धार्थनगर एवं फतेहपुर तथा कानपुर मंडल के समस्त जनपदों कानपुर नगर, कानपुर देहात, कन्नौज, औरैया, इटावा एवं फर्रुखाबाद सहित जनपद गोंडा को वर्ष 2026 में ही बाल श्रम मुक्त किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसी क्रम में आज 12 जून को अंतर्राष्ट्रीय बाल श्रम निषेध दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनपद कन्नौज की 16 ग्राम पंचायतों को बाल श्रम मुक्त घोषित किए जाने के उपलक्ष्य में जनपद से कुल 47 गणमान्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इनमें संबंधित 16 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, जनपद के संबंधित अधिकारीगण तथा श्रम विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी सम्मिलित रहे।

कार्यक्रम में प्रतिभाग हेतु कलेक्टेट परिसर से बस द्वारा प्रतिनिधिमंडल को लखनऊ स्थित कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना किया गया। बस को मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास एवं अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेन्द्र सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी नरेन्द्र देव द्विवेदी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी नवनीत श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।