कन्नौज: बक्फ सम्पत्ति पर अवैध कब्जे की कोशिश

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। जनपद में वक्फ संपत्ति को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। ईडन हामन वेलफेयर सोसाइटी की ओर से जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर वक्फ संख्या 39 की भूमि का सीमांकन और चिन्हांकन कराने की मांग की गई है। संस्था ने भूमि पर अवैध कब्जे की आशंका जताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की अपील की है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, अल्लागंज गुरौली (तहसील तिर्वा) स्थित वक्फ संख्या-39 की भूमि वर्ष 1953-54 से वक्फ संपत्ति के रूप में दर्ज है, जिसमें कई गाटा संख्या शामिल हैं। संस्था का आरोप है कि कुछ लोग इस भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर अपने अधिकार का दावा करने की कोशिश कर रहे हैं।

सोसाइटी पदाधिकारियों ने मांग की है कि राजस्व विभाग के माध्यम से जमीन का सीमांकन कराया जाए ताकि भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके और भविष्य में किसी विवाद से बचा जा सके। साथ ही संबंधित भूगि पर किसी भी निर्माण कार्य या कब्जे की कार्रवाई पर रोक लगाने के निर्देश जारी करने की मांग की गई है। तौफीक खान, बबलू अख्तर, इकरार और कमेटी अध्यक्ष इस्तेखा हुसैन ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और शीघ्र कार्रवाई की मांग की। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि जिला प्रशासन इस संवेदनशील मामले में क्या कदम उठाता है।