बिना एप्रेन और आई-कार्ड मिले कर्मचारियों को लगाई फटकार
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। जिला अस्पताल में गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई खामियां सामने आने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कुछ कर्मचारी बिना एप्रेन और आई-कार्ड के कार्य करते मिले। इस पर सीएमएस ने नाराजगी जताते हुए सभी कर्मचारियों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करने और पहचान पत्र अनिवार्य रूप से धारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
ओपीडी के बाहर मरीजों और तीमारदारों की भीड़ को देखते हुए सीएमएस ने व्यवस्था दुरुस्त कराई। मरीजों को लाइन में लगाकर इलाज कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही फार्मासिस्टों से कहा कि दवा वितरण के समय मरीजों को दवा लेने का समय और तरीका भी स्पष्ट रूप से बताया जाए, ताकि उन्हें दोबारा चिकित्सकों की ओपीडी में न जाना पड़े।
सीएमएस ने अल्ट्रासाउंड जांच में लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। फर्जी पर्चियों की शिकायतों को रोकने के लिए चिकित्सकों को प्रत्येक पर्चे पर हस्ताक्षर और मोहर लगाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की प्राथमिकता है।