कन्नौज: कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मनाया राहुल गांधी का 56वां जन्मदिवस

बृजेश चतुर्वेदी

तिर्वा/कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। तिर्वा तहसील क्षेत्र में कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश पालीवाल की अगुवाई में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का 56वां जन्मदिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केक काटकर राहुल गांधी के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिनेश पालीवाल ने राहुल गांधी के राजनीतिक जीवन, जनहित के मुद्दों को लेकर उनके संघर्ष तथा देश के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी युवाओं, किसानों और आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का कार्य कर रहे हैं।

इस दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के विचारों और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की।

कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। सभी ने राहुल गांधी के उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए उन्हें जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर अशोक कनौजिया, जितेंद्र चौहान, फरहाद हुसैन, शमशाद सिद्दीकी, अवधेश सविता, असलम, सोनू यादव, आदि लोग मौजूद रहे।