कन्नौज: जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता : डीएम

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। 

 बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), पीएम स्वनिधि योजना, मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना, आसरा योजना तथा आईएचएसडीपी आवास योजना सहित विभिन्न योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में अवगत कराया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (1.0) के अंतर्गत स्वीकृत 10,167 आवासों के सापेक्ष 10,069 आवास पूर्ण कराए जा चुके हैं तथा शेष 98 आवास निर्माणाधीन हैं। इस पर जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन आवासों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को आवास योजना का लाभ समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराया जाए तथा लाभार्थियों की पात्रता का विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (2.0) के अंतर्गत अद्यतन स्वीकृत 2,110 आवासों के सापेक्ष प्रथम किश्त प्राप्त कर चुके 1,890 लाभार्थियों के आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही तहसील एवं निकाय स्तर पर लंबित आवेदनों के सत्यापन कार्य को गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

समीक्षा के दौरान पीएम स्वनिधि योजना 2.0 के अंतर्गत प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय ऋण की स्वीकृति एवं वितरण कार्य में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने डूडा कर्मियों, अधिशासी अधिकारियों तथा बैंक अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर ऋण वितरण कार्य में तेजी लाने तथा अधिक से अधिक रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ विक्रेताओं को योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्राप्त हो सके।

डीएम ने मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के अंतर्गत प्राप्त निर्माण कार्यों के प्रस्तावों की एनओसी संबंधित अधिशासी अधिकारियों से शीघ्र प्राप्त कर वित्तीय वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश परियोजना अधिकारी, डूडा को दिए गए।

इसके अतिरिक्त आसरा योजना एवं आईएचएसडीपी आवास योजना के अंतर्गत अनावंटित आवासों के संबंध में लाभार्थियों का सत्यापन शीघ्र पूर्ण कर पात्र व्यक्तियों को आवास आवंटित किए जाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। इसके लिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) एवं परियोजना निदेशक, डूडा देवेन्द्र सिंह, परियोजना अधिकारी, डूडा सुश्री ललिता पाठक, प्रबंधक जिला अग्रणी बैंक डॉ. रंजीत सिंह, सी एंड डीएस जल निगम निर्माण इकाई कन्नौज के सहायक स्थानिक अभियंता श्री रंजन कुमार, जनपद के समस्त अधिशासी अधिकारी, स्थानीय निकायों के प्रतिनिधि तथा डूडा के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।