कन्नौज सपा जिलाध्यक्ष की कडी कार्यवाही : विधानसभा अध्यक्ष पदमुक्त

कन्नौज में कार्यकारिणी भी भंग की, पीपी सिंह बघेल ने कहा- मैं अखिलेश यादव का सिपाही हूं

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )।  मतौली गांव निवासी प्रबल प्रताप सिंह समाजवादी पार्टी में विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष के पद पर रहे। एक दिन पहले लखनऊ में सपा कार्यालय में कन्नौज जिले के पदाधिकारियों की पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मीटिंग ली थी, जिसमें अन्य पदाधिकारियों के साथ ही प्रबल प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।

अगले ही दिन मंगलवार को समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष कलीम खां ने पत्र जारी करते हुए प्रबल प्रताप सिंह बघेल को पदमुक्त कर दिया। पत्र में उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश और प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल की स्वीकृति पर निर्णय लिए जाने का जिक्र किया है।

इस मामले को लेकर जिलाध्यक्ष कलीम खां ने बताया कि पीपी सिंह बघेल को पदमुक्त करने का फैसला पार्टी हाईकमान का है। ऊपर से निर्देश मिलने पर पत्र जारी किया गया।

हालांकि पदमुक्त करने के पीछे का कारण वह नहीं बता सके।

उधर पत्र जारी होने के बाद प्रबल प्रताप सिंह (पीपी बघेल) ने फेसबुक पर एक पोस्ट की जिसमें उन्होंने लिखा कि मैंने हमेशा ईमानदारी से पद का निर्वहन किया है। मुझको लेकर जो भी फैसला किया गया, वह स्वागतयोग्य है। पार्टी में किसी का पद हमेशा नहीं रहता। मैं अखिलेश यादव का सिपाही हूं और हमेशा रहूंगा। अपने समर्थकों से भी उन्होंने अपील की कि वह लोग पार्टी हित में काम करते रहें और 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी को जिताने का काम करें।