कन्नौज: सफलता की कहानी : युवा उद्यमी विकास अभियान से लाभ लेकर बनाया जिम और छा गए ऋषभ पटेल

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )।  उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं के लिए आत्मनिर्भरता का सशक्त माध्यम बन रहा है। इसी योजना का लाभ प्राप्त कर जनपद के ग्राम पटेल नगर तिराहा निवासी युवा उद्यमी रिषभ पटेल ने न केवल अपना स्वरोजगार स्थापित किया, बल्कि अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का उदाहरण प्रस्तुत किया है।

रिषभ पटेल पहले बेरोजगार थे और रोजगार की तलाश में थे। इसी दौरान उन्हें जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की जानकारी प्राप्त हुई। उन्होंने योजना के अंतर्गत आवेदन किया और उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, शाखा इन्दरगढ़ के माध्यम से 5 लाख रुपये का ब्याज मुक्त ऋण स्वीकृत कराया।

ऋण प्राप्त होने के बाद रिषभ पटेल ने “जिम सर्विस यूनिट” की स्थापना की। वर्तमान में उनकी इकाई सफलतापूर्वक संचालित हो रही है, जिससे उन्हें स्थायी स्वरोजगार प्राप्त हुआ है। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी इकाई के माध्यम से चार अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराया है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को बढ़ावा मिला है।

रिषभ पटेल बताते हैं कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान ने उनके जीवन को नई दिशा दी है। इस योजना के कारण वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बने हैं और अपने परिवार की जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर पा रहे हैं। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए उत्तर प्रदेश सरकार एवं उद्योग केंद्र तथा प्रशासन के समस्त अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं के लिए अत्यंत लाभकारी योजना है और जनपद के अधिक से अधिक युवाओं को इसका लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाना चाहिए।