बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप संचालित “विकसित कृषि संकल्प – सघन खेत बचाओ अभियान” एवं “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में किसानों को कृषि क्षेत्र की नवीन तकनीकों, प्राकृतिक खेती तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने हेतु व्यापक जागरूकता कार्यक्रम एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह अभियान 10 जून से 24 जून तक जनपद के विभिन्न ग्रामों में संचालित किया गया।
बुधवार को विकासखण्ड छिबरामऊ के ग्राम सरायसुन्दर एवं सलेमपुर, विकासखण्ड सौरिख के ग्राम सलेमपुर रुपालपुर एवं सरायभागमल तथा विकासखण्ड जलालाबाद के ग्राम जसपुरापुर सरैया एवं चन्दपूर्वा में जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं लगभग 1965 कृषकों ने सहभागिता कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
उप कृषि निदेशक सन्तोष कुमार ने कृषकों को विभागीय योजनाओं, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, संतुलित उर्वरक उपयोग, जैविक एवं हरी खाद के महत्व, नैनो उर्वरकों के प्रयोग तथा प्राकृतिक खेती की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों से कृषि लागत कम करने और भूमि की उर्वरा शक्ति बनाए रखने के लिए वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया।
विकासखण्ड सौरिख के ग्राम सलेमपुर एवं सरायभागमल में आयोजित कार्यक्रम में माननीय राज्यमंत्री श्री कैलाश सिंह राजपूत ने उपस्थित किसानों को रासायनिक उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अंधाधुंध प्रयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया। उन्होंने प्राकृतिक एवं गौ-आधारित खेती को बढ़ावा देने पर बल देते हुए किसानों को शासन की योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने हेतु फार्मर आईडी बनवाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं औषधि वितरण, जबकि राजस्व विभाग द्वारा वरासत एवं खतौनी संशोधन संबंधी कार्य संपादित किए गए। कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से किसानों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई।
कृषि विज्ञान केंद्र अनौगी के वैज्ञानिकों डॉ. अरविन्द कुमार, डॉ. सुशील कुमार, डॉ. सी.के. राय एवं श्री अभिमन्यु ने किसानों को फसल संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य संवर्धन तथा सघन खेत बचाओ अभियान के उद्देश्यों की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

