चार बहनों के बीच इकलौता भाई गंगा नहाने के दौरान डूबा: मौत

फर्रूखाबाद।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। कमालगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को गंगा स्नान के दौरान 12 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपनी चार बहनों का इकलौता भाई था। हादसे के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है।सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से बालक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कमालगंज थाना क्षेत्र निवासी 12 वर्षीय कृष्णा वाल्मीकि पुत्र फूलचंद अपने कुछ साथियों के साथ मड़ियन घाट पर गंगा स्नान करने गया था। बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। साथ मौजूद बच्चों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी की तेज धारा में लापता हो गया।घटना की सूचना मिलते ही घाट पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों को जब हादसे की जानकारी मिली तो वह बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर कमालगंज थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से बालक की तलाश शुरू कराई गई। काफी देर तक चले खोज अभियान के बाद गोताखोरों ने कृष्णा का शव गंगा से बरामद कर लिया। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया है कि कृष्णा अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी चार बहनें हैं। बेटे की असमय मौत से मां मोनी देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वह बार-बार अपने बेटे को याद कर बेहोश हो रही थीं। परिवार के अन्य सदस्यों और रिश्तेदारों की आंखें भी नम हो गईं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गांव के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे रहे। वहीं पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।