बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 (रबी फसल) के अंतर्गत न्यूनतम समर्थन मूल्य पर मक्का खरीद की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मक्का खरीद प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ संचालित किया जाए तथा किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।
जिलाधिकारी ने बैठक में कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि क्रय केंद्र प्रभारियों द्वारा किसानों अथवा अधिकारियों के फोन न उठाना अत्यंत गंभीर लापरवाही है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि ऐसी स्थिति दोबारा नहीं मिलनी चाहिए। यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने जिला खाद्य विपणन अधिकारी को निर्देशित किया कि जिन क्रय केंद्रों पर लेबर एवं परिवहन (ट्रांसपोर्टेशन) की कमी है, उसके संबंध में शासन को तत्काल पत्र भेजा जाए। यदि संबंधित ठेकेदार द्वारा कार्य में शिथिलता या लापरवाही बरती जाती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही किसानों के सत्यापन (वेरिफिकेशन) की प्रक्रिया को भी तेज एवं सरल बनाकर समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराया जाए।
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) को निर्देश दिए कि सभी मक्का क्रय केंद्रों पर लेखपालों की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि नियमित निरीक्षण के माध्यम से खरीद की वास्तविक स्थिति की निगरानी हो सके और आवश्यकतानुसार तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में मंडी ठठिया में मक्का खरीद की प्रगति सबसे कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी तिर्वा को नियमित भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा करने तथा खरीद में तेजी लाने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि केंद्रवार कुल 3,000 मीट्रिक टन मक्का खरीद का लक्ष्य निर्धारित है। मक्का की खरीद 2400 रु0 प्रति कुंतल की दर निर्धारित है। जनपद के 9 क्रय केंद्रों पर अब तक 147 किसानों से 542.55 मीट्रिक टन मक्का की खरीद की गई है। इस पर जिलाधिकारी ने लक्ष्य के अनुरूप खरीद में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र किसान की उपज का समयबद्ध क्रय सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत कर अपनी फसल तैयार करता है। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी किसानों के प्रति संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार रखें। उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए तथा किसी भी किसान को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, सुचारु एवं किसान हितैषी खरीद व्यवस्था सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) देवेंद्र सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, केंद्र प्रभारी एवं संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

