‘‘सरल दुबे के सदर सीट से चुनाव लडने की चर्चाओं का बाजार गर्म’’
फर्रूखाबाद।।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। सपा सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के 53वें जन्मदिन पर जिलेभर में आयोजित कार्यक्रमों के बीच वरिष्ठ सपा नेता सरल दुबे ने धार्मिक आस्था और राजनीतिक सक्रियता का अनूठा संदेश दिया। उन्होंने शहर स्थित गुरुगांव देवी मंदिर में विधि-विधान से हवन-पूजन कर अखिलेश यादव के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने की कामना की। इसके बाद शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित जन्मदिन समारोहों में शामिल होकर केक काटा और कार्यकर्ताओं के साथ खुशियां साझा कीं। जन्मदिन के बहाने जिले की राजनीति में भी सक्रियता साफ दिखाई दी। वरिष्ठ सपा नेता सरल दुबे ने विभिन्न कार्यक्रमों में अपनी लगातार मौजूदगी दर्ज कराते हुए आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सदर विधानसभा सीट से अपनी दावेदारी को और मजबूत करने का प्रयास किया। राजनीतिक गलियारों में उनकी सक्रियता चर्चा का विषय बनी रही। बताया जा रहा है कि शहर के प्रमुख चौराहों और मार्गों पर इन दिनों सरल दुबे के बड़े-बड़े होर्डिंग और बैनर लगे हुए हैं, जिनके माध्यम से वह लगातार जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। समाजवादी पार्टी में उन्हें जिले के प्रमुख ब्राह्मण चेहरों में माना जाता है और संगठन के भीतर भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। सरल दुबे ने पूर्व महानगर अध्यक्ष विजय यादव के साथ शहर के कई स्थानों पर आयोजित जन्मदिन समारोहों में भाग लिया। कार्यकर्ताओं के बीच केक काटा, मिठाइयां वितरित कीं और अखिलेश यादव के नेतृत्व में वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का संकल्प दोहराया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अखिलेश यादव के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम केवल उत्सव तक सीमित नहीं रहे, बल्कि इन्हें आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। सदर विधानसभा सीट से दावेदारी करने वाले नेताओं ने अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी सक्रियता और जनसंपर्क का संदेश देने का प्रयास किया। इसी क्रम में सरल दुबे की सक्रिय मौजूदगी और धार्मिक अनुष्ठान के साथ जनसंपर्क अभियान ने उनकी दावेदारी को नई चर्चा दे दी है।
अखिलेश को मुख्यमंत्री बनाने के लिए सरल दुबे ने जन्मदिन पर किया हवन-पूजन

