बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। भारतीय जनता पार्टी कन्नौज द्वारा वरिष्ठ भाजपा नेता एवं तीन बार के विधायक रहे स्वर्गीय बनवारी लाल दोहरे जी की जन्मजयंती के अवसर पर “सेवा समर्पण दिवस” का भव्य आयोजन पीएसएम कॉलेज ग्राउंड में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मिश्रिख लोकसभा क्षेत्र से सांसद एवं भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक रावत, शाहजहांपुर से सांसद अरुण सागर, बिल्हौर विधायक एवं अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष राहुल बच्चा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य, औरैया जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे सहित जिले के लगभग सभी ब्लॉक प्रमुख, नगर पंचायत एवं नगर पालिका अध्यक्ष उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कन्नौज के पूर्व सांसद सुब्रत पाठक ने की।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में सुब्रत पाठक ने स्वर्गीय बनवारी लाल दोहरे जी को स्मरण करते हुए अत्यंत भावुक शब्दों में उनके संघर्षपूर्ण जीवन, संगठन के प्रति समर्पण तथा कार्यकर्ताओं के निर्माण में उनके योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बनवारी लाल दोहरे जी ने कठिन परिस्थितियों में भारतीय जनता पार्टी के संगठन को सींचा और अपने अथक परिश्रम से हजारों समर्पित कार्यकर्ताओं की एक सशक्त टोली तैयार की।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि “आज मैं जो भी हूँ, वह केवल और केवल स्वर्गीय बनवारी लाल दोहरे जी के स्नेह, मार्गदर्शन और विश्वास का परिणाम है। उन्होंने केवल राजनीति नहीं सिखाई, बल्कि कार्यकर्ता का धर्म और संगठन के प्रति समर्पण का संस्कार दिया।”
अपने संबोधन में उन्होंने बनवारी लाल के साथ बिताए अनेक प्रेरणादायी प्रसंग साझा किए तथा उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली को नई पीढ़ी के लिए अनुकरणीय बताया। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं दूर-दराज़ से आए क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय बनवारी लाल दोहरे के साथ लंबे समय तक संगठनात्मक कार्य करने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया। सम्मानित होने वालों में प्रमुख रूप से छुन्नू लाल कश्यप, सुरेश पाठक, धर्मेंद्र वर्मा सहित अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल रहे, जिन्होंने संगठन निर्माण के प्रारंभिक दौर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नरेंद्र राजपूत ने किया। उन्होंने स्वर्गीय बनवारी लाल दोहरे के संगठनात्मक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका जीवन कार्यकर्ता-आधारित राजनीति की प्रेरणादायी मिसाल है और आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव मार्गदर्शक रहेगा।
पूरे कार्यक्रम के दौरान संगठन, सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का वातावरण बना रहा। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय बनवारी लाल दोहरे जी के आदर्शों पर चलने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

