कन्नौज: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सदर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न

187 शिकायतों  में से 18 का मौके पर निस्तारण, शेष के गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)।  जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में सदर तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जनसामान्य ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 187 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 18 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का निर्धारित समयावधि में प्रभावी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा निस्तारण की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने किसानों को आम, अमरूद एवं अन्य उपयोगी पौधे वितरित कर पर्यावरण संरक्षण एवं अधिकाधिक वृक्षारोपण का संदेश दिया। उन्होंने किसानों से पौधों का संरक्षण करते हुए उन्हें विकसित करने का आह्वान किया, ताकि हरित वातावरण के साथ-साथ भावी पीढ़ियों को भी इसका लाभ मिल सके। इस अवसर पर मामूली त्रुटियों की वजह से तहसील के चक्कर लगा रहे 20 किसानों को संशोधित खतौनी भी उपलब्ध कराई गईं।

जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। यह आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण पूरी संवेदनशीलता, निष्पक्षता एवं जवाबदेही के साथ किया जाए। किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा प्रत्येक शिकायत का समाधान निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न बरती जाए, बल्कि स्थायी एवं व्यावहारिक समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन का प्रशासन पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।

संपूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास चन्द्र, प्रभागीय वनाधिकारी हेमंत सेठ, उप जिलाधिकारी सदर नवनीता राय, तहसीलदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।